नक्सल गढ़ में सीएम विष्णुदेव साय का दौरा, जवानों का बढ़ाया हौसला, विकास की नई रणनीति पर फोकस

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर के पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के जरिए सुशासन तिहार के दौरे पर रवाना हुए। उनके साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और डीजीपी अरुण देव गौतम भी मौजूद थे। यह दौरा खास तौर पर हाल ही में कर्रेगुट्टा में हुई बड़ी नक्सल विरोधी कार्रवाई के बाद हो रहा है।
कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में सुरक्षा बलों ने 31 खूंखार नक्सलियों को ढेर किया था, जिनमें कई बड़े कमांडर शामिल थे। इस ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्यमंत्री खुद जमीनी हालात जानने और जवानों का हौसला बढ़ाने के लिए बीजापुर और दंतेवाड़ा सीमा पर स्थित गलगम के CRPF कैंप पहुंचे। वे यहां सिर्फ जवानों से मिलने ही नहीं, बल्कि अगली रणनीति बनाने के लिए भी पहुंचे हैं।
इस इलाके को अब तक नक्सलियों का मजबूत गढ़ माना जाता था, लेकिन हाल की कार्रवाई में 450 से ज्यादा आईईडी बम डिफ्यूज किए गए और बड़ी संख्या में हथियार बरामद हुए हैं। पहली बार नक्सलियों की दो मेगा स्नाइपर गन भी जब्त की गई हैं, जो बताती हैं कि अब नक्सली खुद घबराए हुए हैं।
सीएम की इस यात्रा को नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कदम माना जा रहा है। शाम को बीजापुर में होने वाली समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री सुरक्षा स्थिति के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और रोजगार जैसे विकास कार्यों की भी गहराई से समीक्षा करेंगे।
सरकार का साफ संदेश है—नक्सलवाद को खत्म करने के लिए अब दोहरी रणनीति अपनाई जा रही है। एक तरफ सटीक और मजबूत पुलिस कार्रवाई, और दूसरी तरफ तेज़ गति से विकास की योजनाएं।





