कोरबा: नाबालिग छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा था युवक, पुलिस ने शुरू की जांच

कोरबा। रजगामार चौकी क्षेत्र में एक युवक ने 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा को अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़िता पहाड़ी कोरवा जनजाति से है, जिसे राष्ट्रपति का दत्तक पुत्र कहा जाता है।
पीड़िता की मां ने बताया कि गांव का ही नारायण सिंह नाम का युवक उनकी बेटी को मोबाइल पर बात करने के लिए मजबूर करता है। विरोध करने पर वह फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता है।
परिवार ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि वीडियो कब और कैसे बनाया गया। आरोपी ने फोटो और वीडियो परिवार के मोबाइल पर भेजे और पैसों की मांग भी की। पीड़िता जब भी घर से बाहर जाती है, आरोपी उसका पीछा करता है।
परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और इस घटना से मानसिक रूप से परेशान है। रजगामार चौकी पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।





