भारत-पाक तनाव के चलते छत्तीसगढ़ में अलर्ट, एयरपोर्ट में यात्रियों की होगी अब डबल चेकिंग

बिलासपुर। भारत-पाक तनाव के चलते एयरपोर्ट्स पर सुरक्षा सख्त कर दी गई है। बिलासपुर एयरपोर्ट पर अब नई व्यवस्था लागू हो गई है, जिसमें हर यात्री को दो बार सुरक्षा जांच (डबल चेकिंग) से गुजरना होगा।
बीसीएएस (ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी) के निर्देश पर यह बदलाव किया गया है। अब यात्रियों को फ्लाइट के समय से कम से कम 45 मिनट पहले एयरपोर्ट पहुंचना जरूरी है। समय से लेट पहुंचे यात्रियों को फ्लाइट में बैठने की इजाजत नहीं मिलेगी। बिलासपुर एयरपोर्ट पर अभी एक ही फ्लाइट चल रही है और यात्रियों की संख्या भी कम है, फिर भी सुरक्षा को देखते हुए यह सख्ती की गई है।
एयरलाइंस कंपनियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि सभी यात्रियों को समय से पहले रिपोर्ट करने को कहें। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सहयोग करें और समय पर पहुंचकर डबल चेकिंग की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि किसी को भी यात्रा में परेशानी न हो।





