बिलासपुर:होटल के स्विमिंग पूल में डूबने से मार्केटिंग मैनेजर की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित एक नामचीन होटल रेड डायमंड में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। होटल के स्विमिंग पूल में डूबने से हैदराबाद निवासी 32 वर्षीय युवक एमजे फारूक की मौत हो गई। मृतक फारूक एक प्राइवेट कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत था और कंपनी के काम से बिलासपुर आया हुआ था। वह होटल रेड डायमंड में पिछले दो दिनों से ठहरा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर फारूक होटल के स्विमिंग पूल में नहाने गया था। कुछ देर बाद होटल स्टाफ ने उसे बेसुध हालत में पानी में तैरते देखा। स्टाफ ने तुरंत उसे बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। फारूक की मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि यह मौत महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई और कारण है। पुलिस होटल के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और स्विमिंग पूल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। होटल प्रबंधन का कहना है कि फारूक पूल में अकेले नहा रहा था और किसी प्रकार की अनहोनी की आशंका पहले नजर नहीं आई।
एमजे फारूक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और वे हैदराबाद से बिलासपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो पाएगा। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर फारेंसिक टीम की मदद भी ली जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।





