फर्जी दस्तावेज बनाकर तीन करोड़ की फिरौती मांगने का मामला, केस दर्ज

रायपुर। फर्जी कांट्रेक्ट पेपर तैयार कर डायरेक्टरों के नकली साइन लगाने और बदनाम करने की धमकी देकर तीन करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। इस पूरे मामले में न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अवंति विहार निवासी अरविंद अग्रवाल (53) ने देर रात थाने में शिकायत की। उन्होंने बताया कि करीब 14 साल पहले अनिल चोपड़ा (63) उनकी कंपनी ‘सन एंड सन इंफ्रामेटिक प्राइवेट लिमिटेड’ में डायरेक्टर थे। कंपनी का ऑफिस पचपेड़ी नाका स्थित कलर्स मॉल में है।
अरविंद का आरोप है कि अनिल ने कंपनी से इस्तीफा देने के बाद उनके नाम से फर्जी कांट्रेक्ट पेपर तैयार कराया, जिसमें उनके और अन्य डायरेक्टरों के नकली हस्ताक्षर भी कर दिए गए। इसके बाद इन फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम में आरटीआई लगाकर कंपनी की छवि खराब करने की धमकी दी गई।
इतना ही नहीं, अनिल ने अरविंद को नोटिस भेजकर तीन करोड़ रुपये की मांग भी की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है।





