डोंगरगढ़: फार्म हाउस में नकली शराब का बड़ा खुलासा, 11 आरोपी गिरफ्तार

डोंगरगढ़ के करवारी गांव में एक फार्म हाउस में नकली शराब बनाने के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने इस फार्म हाउस से भारी मात्रा में नकली शराब जब्त की है। इस गिरोह में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के अपराधी शामिल हैं। कई आरोपियों के खिलाफ पहले से ही गंभीर अपराध दर्ज हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन ‘सोनू उर्फ रोहित नेताम’ कर रहा था। वह इसी फार्म हाउस का मालिक भी है। उसने ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए यह गिरोह बनाया था। गिरोह मध्यप्रदेश से असली शराब लाकर उस पर छत्तीसगढ़ के नकली होलोग्राम, लेबल और सील लगाकर बाजार में बेचता था।
एक हफ्ते पहले ही पुलिस ने 432 पेटी मध्यप्रदेश की शराब जब्त की थी। अब इस कार्रवाई के बाद यह साफ हो गया है कि नकली शराब का कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा था।
इस मामले में कई अहम सवाल उठ रहे हैं – इतनी बड़ी मात्रा में शराब कैसे सीमा पार हुई? नकली लेबल और होलोग्राम कहां से आए? ये रैकेट कितने समय से चल रहा था और इसमें कौन-कौन शामिल था?
सूत्रों का कहना है कि फार्म हाउस तक शराब पहुंचाने के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अभी तक जांच में नहीं ली गई है। साथ ही, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल और चैट की भी जांच बाकी है। इस पूरे मामले में राजनीतिक संरक्षण की आशंका भी जताई जा रही है।





