कोरबा में रिश्वत लेते पकड़े गए ASI, ACB की बड़ी कार्रवाई

कोरबा: एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हरदीबाजार थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) मनोज मिश्रा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोरबा जिले के केसला गांव निवासी पंचराम चौहान की शिकायत पर की गई।
शिकायतकर्ता पंचराम ने बताया कि कुछ दिन पहले ASI मनोज मिश्रा उसके गांव केसला स्थित घर आया था और कहा कि तुम्हारी बोलेरो गाड़ी से डीजल चोरी होती है। उसने गाड़ी को थाने लाने को कहा। जब पंचराम गाड़ी लेकर निकल रहा था, तो रास्ते में ASI ने कार्रवाई से बचाने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की।
पंचराम ने इसकी शिकायत ACB से की। शिकायत की जांच के बाद ACB ने योजना बनाकर कार्रवाई की और आज 10 हजार रुपये की पहली किस्त लेते ही ASI मनोज मिश्रा को रंगे हाथों पकड़ लिया।
ACB ने आरोपी ASI के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि प्रदेश में पिछले सात महीनों में पुलिसकर्मियों के खिलाफ यह छठी ट्रैप कार्रवाई है। कोरबा में हुई यह कार्रवाई पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही और लोगों में इस कार्रवाई को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली।





