पुलिस ने डबल मर्डर केस का किया खुलासा, 2 नाबालिग सहित 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। दोहरे हत्या मामले में खुलासा हो गया है। पुलिस ने बताया कि कला पुतला चौक चंगोराभाठा स्थित मैदान में चंगोराभाठा डी.डी.नगर निवासी कृष्णा यादव एवं सचिन बड़ोले बैठे थे। वहीं कुछ दूर में उसी मोहल्ले के अन्य 06 व्यक्ति आग जलाकर बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ तथा 06 व्यक्ति मिलकर कृष्णा यादव एवं सचिन बड़ोले के साथ अश्लील गाली गलौच करते हुये जान से मारने की धमकी देकर कृष्णा यादव एवं सचिन बड़ोले के साथ मारपीट करते हुये पास पड़े पत्थर से मारकर गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या कर दिये।
जिस पर आरोपियों के विरूद्ध थाना डी.डी.नगर में धारा 103(2), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। हत्या की घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा गंभीरता से लेते हुये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम डी.आर.पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती राजेश देवांगन, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम संजय सिंह, थाना प्रभारी डी.डी.नगर तथा प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट को आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया।
जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना डी.डी.नगर पुलिस की विशेष टीम द्वारा घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करते हुये आरोपियों के छिपने के हर संभावित स्थानों में लगातार रेड कार्यवाही करते हुये प्रकरण में संलिप्त 04 आरोपियों एवं विधि के साथ संघर्षरत 02 बालक सहित कुल 06 को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी/अपचारी द्वारा त्वरित में हुये विवाद को लेकर कृष्णा यादव एवं सचिन बड़ोले की पास पड़े पत्थर से सिर पर वार कर हत्या करना स्वीकार किया गया। जिस पर सभी 06 को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर जप्त कर कार्यवाही किया गया।





