समीक्षा बैठक: रबी फसलों की तैयारी में जुटा कृषि विभाग, संभागायुक्त सुनील जैन ने दिए जरूरी निर्देश

रबी फसलों की तैयारी को लेकर बिलासपुर संभाग में कृषि विभाग सहित संबद्ध विभागों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। (समीक्षा बैठक) संभागायुक्त सुनील जैन ने अधिकारियों की बैठक लेकर खाद की उपलब्धता, फसल विविधीकरण और किसानों की आय बढ़ाने के लिए जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्होंने दलहन और तिलहन की खेती को बढ़ावा देने के साथ कृषि उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया।
दलहन-तिलहन की खेती को मिलेगा बढ़ावा, (समीक्षा बैठक)
बिलासपुर में संभागायुक्त सुनील जैन ने कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में रबी फसलों की तैयारी, खाद की उपलब्धता और फसलवार उत्पादन की स्थिति की समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने अधिकारियों को किसानों की जरूरत के अनुसार खाद की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दलहन, तिलहन और अन्य लाभकारी फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
संभागायुक्त ने अधिकारियों से पिछले वर्ष की तुलना में फसलों के रकबे, उत्पादन और उत्पादकता का आकलन करने को कहा। उन्होंने एकीकृत किसान पोर्टल पर नए और कुल किसान पंजीयन की जानकारी अलग-अलग अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए। वहीं, धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और किसान पंजीयन से जुड़े आंकड़ों में एकरूपता बनाए रखने को कहा।
बैठक में उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने उद्यानिकी फसलों का रकबा और उत्पादन बढ़ाने, पशुपालकों तक विभागीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने और मछली उत्पादन के साथ मत्स्य पालकों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।





