बसपा प्रदर्शन :किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं को लेकर बसपा का प्रदर्शन.
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन.

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) जिला बिलासपुर ने किसानों, युवाओं और आम जनता (बसपा प्रदर्शन ) से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष हेमचंद मिरी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में खरीफ फसल वर्ष 2026 के लिए धान बीज, खाद एवं रासायनिक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने सहित कई मांगें रखी गईं।
खाद-बीज की कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग (बसपा प्रदर्शन)
खरीफ सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन कई सहकारी समितियों में अभी तक पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध नहीं हैं। समय रहते व्यवस्था नहीं किए जाने पर किसानों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। बसपा ने खाद-बीज की कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।पार्टी ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताते हुए कहा कि ईंधन महंगा होने से कृषि कार्य, परिवहन और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की लागत बढ़ रही है, जिसका सीधा असर गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।
ज्ञापन में प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा गौ तस्करी के नाम पर अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के कथित उत्पीड़न की घटनाओं पर रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई। बसपा ने सरकार से किसानों, युवाओं और वंचित वर्गों के हित में तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाने की अपील की है।





