पुरानी रंजिश में दंपति की हत्या, शव श्मशान घाट में दफन; तीन आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद। जिले के शोभा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गरीबा में पुरानी रंजिश के चलते पति-पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने दंपति की हत्या करने के बाद उनके शवों को बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 6 जून को पुरानी दुश्मनी के कारण आरोपियों ने दंपति की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद सबूत मिटाने की नीयत से दोनों शवों को गांव के श्मशान घाट में दफना दिया गया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब गांव में एक अन्य व्यक्ति के अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों को श्मशान घाट में ताजा खुदाई के निशान दिखाई दिए। संदेह होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने खुदाई कराई, जिसमें दो शव बरामद हुए। बाद में उनकी पहचान राजाराम नेताम और आशो बाई नेताम के रूप में हुई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पुरानी रंजिश को हत्या का कारण पाया और कार्रवाई करते हुए लखीराम नेताम, रघुराम नेताम तथा नकुलराम नेताम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।





