पेंड्रा में सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, 60 लाख के जेवर लूटकर फरार हुए बदमाश

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मंगलवार शाम बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात कोटमी साप्ताहिक बाजार में हुई, जहां व्यापारी प्रदीप सोनी अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे और सोने-चांदी से भरा बैग लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने व्यापारी के सीने में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। लूटे गए जेवरों की कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई जा रही है।

बाजार में मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना शाम करीब 7 बजे की है। बदमाश पल्सर बाइक पर सवार होकर आए थे। गोली चलने की आवाज सुनते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घायल व्यापारी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। मौके से खाली कारतूस और खून के निशान बरामद किए गए हैं। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाल रही है।

6 जिलों में नाकेबंदी, आरोपियों की तलाश जारी

घटना के बाद पुलिस ने बिलासपुर, कोरबा, कोरिया, मनेन्द्रगढ़, अनूपपुर और डिंडोरी समेत छह जिलों में नाकेबंदी कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीम बनाई गई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, व्यापारी के सीने में गोली लगी थी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद गोली की संख्या और अन्य तथ्य स्पष्ट होंगे।

व्यापारियों में आक्रोश, पेंड्रा बंद का ऐलान

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और परिजनों में भारी नाराजगी देखने को मिली। देर रात तक अस्पताल परिसर और सड़क पर विरोध प्रदर्शन चलता रहा। परिजनों और व्यापारियों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम किया और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।

सर्राफा व्यापारी संगठन और अन्य व्यापारिक संगठनों ने घटना के विरोध में पेंड्रा बंद का ऐलान किया है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से कारोबारियों में भय का माहौल है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button