घोघरा डैम में डूबने से गर्भवती महिला और बेटी की मौत, बड़ी बेटी ने तैरकर बचाई जान

जशपुर जिले के घोघरा डैम में नहाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। डैम में डूबने से 8 माह की गर्भवती महिला और उसकी 8 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। घटना के समय साथ मौजूद बड़ी बेटी ने तैरकर अपनी जान बचाई और गांव पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है।

नहाने के दौरान गहरे पानी में गई मां-बेटी

जानकारी के मुताबिक ग्राम बालाझार निवासी सुकांती तिग्गा अपनी दो बेटियों के साथ रविवार दोपहर घोघरा डैम गई थीं। वह डैम किनारे कपड़े धोने के साथ बच्चों के साथ नहा रही थीं। इसी दौरान सुकांती तिग्गा और उनकी छोटी बेटी मीनाक्षी तिग्गा अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।

घटना के समय साथ मौजूद बड़ी बेटी आराधना तिग्गा ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। वह घबराई हुई हालत में घर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को पूरे हादसे की जानकारी दी।

ग्रामीणों और गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू अभियान

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। डैम किनारे महिला के कपड़े, बाल्टी और चप्पलें पड़ी मिलीं। सूचना पर पत्थलगांव पुलिस भी घटनास्थल पहुंची।

स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। स्थानीय लोगों की मदद से महिला और बच्ची के शव बाहर निकाले गए हैं।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई