छत्तीसगढ़ में दो दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने से 20 मवेशियों की मौत

छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक दर्ज की गई है।
बिजली गिरने से बीजापुर और GPM में मवेशियों की मौत
बीजापुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 10 मवेशियों की मौत हो गई। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के राजमेरगढ़ क्षेत्र में भी बिजली गिरने की घटना में 10 मवेशियों ने दम तोड़ दिया। खराब मौसम के चलते ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
कोरबा के कटघोरा, पाली और करतला क्षेत्र में बारिश हुई, जबकि कोंडागांव के केशकाल में तेज बारिश के चलते दुकानों में पानी घुस गया। धमतरी में तेज हवा से टिन शेड उड़ गए और पेड़ टूटकर ट्रैक्टर पर गिर पड़े।
रायपुर समेत कई जिलों में तेज हवा और बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में आज बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक, बारिश और धूलभरी आंधी चल सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने का अनुमान है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर, मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
अगले चार दिनों में बढ़ सकता है तापमान
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
फिलहाल प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया है, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में रिकॉर्ड हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है।





