Press Conference: महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस संकट पर कांग्रेस का हमला,
मोदी की ‘कम उपयोग’ अपील को बताया सरकार की विफलता

देश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई “कम उपयोग” की अपील पर सियासत तेज हो गई है।
(Press Conference) छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित पत्रकारवार्ता में बिलासपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नागरिकों को पेट्रोल-डीजल, गैस और खाद्य तेल कम उपयोग करने, किसानों को उर्वरक घटाने तथा कामकाजी लोगों को “वर्क फ्रॉम होम” अपनाने की सलाह दे रहे हैं, जबकि सरकार की जिम्मेदारी संकट का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और खाद्य सामग्री से लेकर पेट्रोल, डीजल, गैस, दाल, तेल और दैनिक जरूरतों की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
मोदी की ‘कम उपयोग’ अपील को बताया सरकार की विफलता (Press Conference)
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों को पर्याप्त उर्वरक नहीं मिल पा रहा, बेरोजगारी बढ़ रही है और मध्यम वर्ग तथा गरीब परिवार आर्थिक दबाव में जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “वर्क फ्रॉम होम” जैसी सलाह केवल सीमित वर्ग के लिए संभव है, जबकि देश का बड़ा तबका मजदूरी, छोटे व्यापार और फील्ड कार्य पर निर्भर है। पत्रकारवार्ता में केंद्र सरकार पर बढ़ते टैक्स और महंगाई के जरिए जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि आम आदमी का बजट लगातार बिगड़ रहा है और लोग कर्ज लेने को मजबूर हो रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।





