दुर्ग में क्रिकेट खेलते समय गिरी बिजली, 12वीं के छात्र की मौत: बारिश से बचने भाग रहा था युवक, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 18 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना पुरैना इलाके की है, जहां युवक अपने दोस्तों के साथ मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। अचानक मौसम बदलने के दौरान तेज गरज-चमक के बीच बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उसकी जान चली गई।
बारिश शुरू होते ही मैदान से लौट रहे थे बच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार शाम बच्चे मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान हल्की बारिश शुरू हुई और सभी खिलाड़ी वापस लौटने लगे। तभी अचानक तेज बिजली कड़की और शक्ति बिश्नोई उसकी चपेट में आ गया।
घटना के बाद दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पहले उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर दूसरे अस्पताल रेफर किया गया।
दूसरे अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन और दोस्त शक्ति को बी.एम. शाह अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक शक्ति बिश्नोई 12वीं कक्षा का छात्र था और अपने परिवार का इकलौता बेटा बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला मॉर्चुरी भेज दिया। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
बिजली गिरने के दौरान सावधानी बरतने की अपील
विशेषज्ञों ने खराब मौसम और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। बारिश शुरू होते ही सुरक्षित भवन या घर के अंदर चले जाने की अपील की गई है।
इसके अलावा बिजली उपकरणों, खुले तारों और पानी भरे इलाकों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है। यदि कोई व्यक्ति खुले क्षेत्र में फंस जाए तो जमीन पर पूरी तरह लेटने के बजाय दोनों पैर साथ रखकर नीचे झुकने की सलाह दी गई है।





