छत्तीसगढ़ BJP की नई कोर ग्रुप पर सियासत तेज, दीपक बैज और बृजमोहन अग्रवाल आमने-सामने

रायपुर में भाजपा की नई कोर ग्रुप सूची जारी होने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कोर ग्रुप से सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री रामविचार नेताम और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल को बाहर किए जाने पर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा में गुटबाजी चरम पर है और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अनुभवी नेताओं को नजरअंदाज करना भाजपा की अंदरूनी कलह को दिखाता है।
वहीं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा की कोर कमेटी में शामिल करना या बाहर करना एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने कहा, “मैं पिछले दस साल से कोर कमेटी का हिस्सा रहा हूं। जब तक सक्रिय हूं, तब तक मुझे कोई किनारे नहीं कर सकता।”
इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी के सरकारी वाहनों में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने वाले बयान पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए। दीपक बैज ने कहा कि सरकार अब समीक्षा की बात कर रही है, जबकि पहले हालात सामान्य बताती रही। उन्होंने सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग भी की।
इसके जवाब में बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है और उसे पहले अपने संगठन की चिंता करनी चाहिए।





