छत्तीसगढ़ में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट: 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, बिजली गिरने की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक बनी ट्रफ लाइन के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई है।
प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। शुक्रवार शाम दुर्ग-भिलाई समेत कई क्षेत्रों में धूलभरी आंधी चली और मौसम में बदलाव देखा गया।
विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
तापमान में बढ़ोतरी के संकेत
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव दर्ज नहीं किया गया। राजनांदगांव में सबसे अधिक 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले दो दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
रायपुर में बादल और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में शनिवार को बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का कहना है कि 11 मई के बाद प्रदेश में आंधी और तूफान की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आ सकती है।





