कार की टक्कर से 3 दोस्तों की मौत: सड़क पर दूर जा गिरे युवक, हाथ-पैर कटकर अलग हुए

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार युवकों के शव क्षत-विक्षत हो गए। दुर्घटना डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के खैरीडीह गांव के पास शुक्रवार रात हुई।
तेज रफ्तार कार ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के मुताबिक सिर्राभाठा निवासी तरुण यादव (20), राहुल सेवता (20) और नरेंद्र भुआर्या (21) बाइक से डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राजनांदगांव की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और बाइक के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में हाथ-पैर कटकर अलग हुए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था। तरुण का हाथ शरीर से अलग हो गया, जबकि राहुल का पैर कटकर करीब 50 मीटर दूर जा गिरा। नरेंद्र के शरीर पर भी गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। शनिवार सुबह ग्रामीणों को राहुल का कटा हुआ पैर मिला।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमॉर्टम के बाद सौंपे जाएंगे शव
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। डौंडीलोहारा थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह लग रही है। कार सवार दल्लीराजहरा से राजनांदगांव लौट रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। नशे की स्थिति समेत अन्य पहलुओं का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।





