रायपुर में आईपीएल टिकट सबसे महंगे, 15 मिनट में बुकिंग बंद होने पर उठा विवाद

रायपुर में होने वाले आईपीएल मुकाबलों को लेकर टिकट की कीमत और बुकिंग प्रक्रिया पर विवाद खड़ा हो गया है। 10 और 13 मई को होने वाले मैचों के लिए टिकट बिक्री शुरू होते ही पोर्टल कुछ ही मिनटों में बंद हो गया, जिससे कई दर्शक टिकट बुक नहीं कर सके। अन्य शहरों की तुलना में यहां टिकट दरें अधिक होने से भी नाराजगी सामने आई है।
अन्य शहरों से ज्यादा कीमत, फैंस में नाराजगी
जानकारी के मुताबिक जयपुर और चंडीगढ़ में जहां टिकट की शुरुआती कीमत करीब 1800 रुपए थी, वहीं रायपुर में यह कीमत 3150 रुपए से शुरू हुई। माना जा रहा है कि बड़े खिलाड़ियों की लोकप्रियता को देखते हुए अधिक राजस्व जुटाने के लिए कीमतें बढ़ाई गई हैं।
बुकिंग शुरू होते ही पोर्टल बंद, दर्शक परेशान
रविवार को दोपहर 3:15 बजे ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू हुई, लेकिन महज 15 मिनट के भीतर पोर्टल बंद कर दिया गया। कई यूजर्स को टिकट बुक करने का मौका ही नहीं मिला। पोर्टल पर कम कीमत वाली टिकट दिखाई तो गई, लेकिन बुकिंग के समय उपलब्ध नहीं थी, जिससे असमंजस की स्थिति बनी रही।
प्रबंधन और व्यवस्था पर उठे सवाल
टिकट वितरण प्रक्रिया में स्थानीय क्रिकेट संघ की सीमित भूमिका और आयोजन प्रबंधन की अस्पष्ट रणनीति पर भी सवाल उठ रहे हैं। पूरे स्टेडियम का नियंत्रण फ्रेंचाइजी के पास होने से स्थानीय स्तर पर समन्वय की कमी दिखी। इस बीच मेरिट में आने वाले छात्रों को मुफ्त में मैच दिखाने की योजना भी लागू की गई है।





