सुशासन तिहार 2026: सीएम साय ने सुदूर चंदागढ़ से की प्रदेशव्यापी दौरे की शुरुआत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने प्रदेशव्यापी दौरे की शुरुआत कर दी है। अभियान के पहले दिन उनका हेलीकॉप्टर जशपुर जिले के सुदूर वनांचल ग्राम चंदागढ़ में उतरा, जहां ग्रामीणों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
जनसेवा का संदेश, श्रमदान का उदाहरण
चंदागढ़ में मुख्यमंत्री का एक अलग ही रूप देखने को मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे एक घर में खुद सीमेंट लगाकर ईंट जोड़ी और हितग्राही का हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ बातचीत की और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन का मतलब केवल प्रशासनिक व्यवस्था नहीं, बल्कि हर नागरिक तक समयबद्ध समाधान पहुंचाना है। सरकार त्वरित कार्रवाई और प्रभावी समाधान के जरिए जनता का विश्वास मजबूत करने के लिए काम कर रही है। पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए सरकार ऐसे कदम उठा रही है, जो सीधे लोगों के जीवन को सरल और सशक्त बनाते हैं।
1 मई से 10 जून तक चलेगा अभियान
‘सुशासन तिहार’ के तहत 1 मई से 10 जून 2026 तक पूरे प्रदेश में जन समस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 ग्राम पंचायतों के समूह और शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर शिविर आयोजित होंगे।
इन शिविरों में लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा, साथ ही सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ भी मौके पर ही दिया जाएगा। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने और हर आवेदक को उसकी स्थिति की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यह अभियान सरकार और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ विकास को नई दिशा देने का प्रयास माना जा रहा है।





