ED छापे के दौरान हंगामा: गोपाल गांधी के घर छापेमारी,अफसरों से धक्का-मुक्की, मामला दर्ज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित जमीन घोटाले की जांच के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय की टीम जब अभनपुर थाना क्षेत्र में जमीन कारोबारी गोपाल गांधी के घर छापेमारी कर रही थी, उसी दौरान अधिकारियों के साथ कथित बदसलूकी और धक्का-मुक्की की घटना हुई।

जानकारी के मुताबिक, छापे के दौरान गोपाल गांधी के पिता सत्यनारायण गांधी और भाई जय प्रकाश गांधी ने कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान ईडी के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार सिंह के साथ धक्का-मुक्की की गई और अभद्र व्यवहार किया गया।

अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र श्याम के अनुसार, ईडी अधिकारियों ने इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई भारतमाला परियोजना में कथित जमीन मुआवजा घोटाले की जांच से जुड़ी है, जिसमें पहले भी कई स्थानों पर छापेमारी और दस्तावेजों की जांच की जा चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button