Fire Safety Awareness: रिवरव्यू में नगर सेना का दमदार फायर शो, लोगों ने सीखा आग से मुकाबला
अग्निशमन सेवा सप्ताह: मॉक ड्रिल में जनता बनी फायर फाइटर, जागरूकता का संदेश

अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के तहत नगर सेना द्वारा रिवरव्यू तट पर भव्य फायर शो और मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। (Fire Safety Awareness) यह कार्यक्रम पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशों में संपन्न हुआ। 14 से 20 अप्रैल तक चल रहे इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम में गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति से निपटने का लाइव प्रदर्शन किया गया, जिसमें गीले बोरे जैसी सरल तकनीकों से आग पर काबू पाने का तरीका बताया गया।
मॉक ड्रिल में जनता बनी फायर फाइटर (Fire Safety Awareness)
फायर एक्सटिंगुइशर के सही उपयोग का भी प्रशिक्षण दिया गया। खास बात यह रही कि उपस्थित लोगों ने स्वयं मॉक ड्रिल में भाग लेकर आग बुझाने का अभ्यास किया, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने “सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है” का संदेश देते हुए लोगों से अपील की कि आग लगने पर तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें और प्राथमिक सुरक्षा उपायों की जानकारी रखें। अभियान 20 अप्रैल तक जारी रहेगा।





