आंगनबाड़ी साड़ी खरीद में घोटाले का आरोप, महिला कांग्रेस ने मंत्री का पुतला जलाया

सरगुजा/अंबिकापुर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साड़ी खरीदी में कथित घोटाले को लेकर विरोध तेज हो गया है। अंबिकापुर के घड़ी चौक पर महिला कांग्रेस ने लक्ष्मी राजवाड़े का पुतला दहन कर विरोध जताया।

महिला कांग्रेस का आरोप है कि करीब 1.94 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए खरीदी गई साड़ियों में लगभग 9.7 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। उनका कहना है कि खादी ग्रामोद्योग विभाग से खरीदी गई साड़ियां गुणवत्ता में बेहद खराब हैं।

प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, जहां 5.5 से 6.3 मीटर की साड़ी दी जानी थी, वहां केवल 5 मीटर की साड़ी ही सप्लाई की गई। साथ ही बाजार में 200-250 रुपये की साड़ी को 500 रुपये बताकर खरीदा गया।

महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष सीमा सोनी ने मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि साड़ियां इतनी छोटी हैं कि उनका पल्लू तक पूरा नहीं पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री पहले से ही कई विवादों में घिरी हुई हैं।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button