Reels on the Road: बिलासपुर में बीच सड़क पर युवकों की जानलेवा हुड़दंगबाजी….
कानून को चुनौती देते रीलबाज,नेशनल हाईवे 49 पर ट्रैफिक रोककर बनाया वीडियो, पुलिस जांच में जुटी....

बिलासपुर के नेशनल हाईवे 49 पर रील बनाने के जुनून में युवाओं द्वारा (Reels on the Road) अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने का एक गंभीर मामला सामने आया है। लालखदान-मस्तूरी मुख्य मार्ग पर स्थित इस व्यस्त हाईवे के बीचों-बीच कुछ युवकों ने बेखौफ होकर अपनी मोटरसाइकिलें खड़ी कर दीं और यातायात बाधित करते हुए जमकर हुड़दंगबाजी की। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जिस वक्त ये युवक वीडियो शूट कर रहे थे, उस समय सड़क पर वाहनों का आवागमन लगातार जारी था।
नेशनल हाईवे 49 पर ट्रैफिक रोककर बनाया वीडियो, पुलिस जांच में जुटी, (Reels on the Road)
रील बनाने की इस सनक के कारण न केवल यातायात नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई गईं, बल्कि तेज रफ्तार वाहनों के बीच एक बड़े हादसे की आशंका भी बनी रही। स्थानीय नागरिकों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है और वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर मुख्य मार्ग पर इस तरह की अराजकता कैसे संभव हुई।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान शुरू कर दी है, लेकिन यह घटना इस बात की ओर इशारा करती है कि सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स पाने की होड़ लोगों की सुरक्षा और कानून के डर पर भारी पड़ती जा रही है। ऐसे में अब देखना यह होगा कि पुलिस इन हुड़दंगियों पर कितनी सख्त कार्रवाई करती है ताकि भविष्य में कोई और हाईवे पर इस तरह का जानलेवा स्टंट करने का साहस न कर सके।





