Error in exam results: विधि परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी पर भड़का छात्र संघ, 7 दिन में सुधार की मांग
डी.पी. विप्र लॉ कॉलेज छात्र संघ ने उठाई आवाज, फ्री री-एवैल्यूएशन की मांग

डी.पी. विप्र विधि महाविद्यालय के स्टूडेंट यूनियन ने (Error in exam results) अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय द्वारा घोषित विधि संकाय के विषम सेमेस्टर परीक्षा परिणाम में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। छात्र संघ ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर बताया कि कई विषयों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को एक समान अंक दिए गए हैं, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
डी.पी. विप्र लॉ कॉलेज छात्र संघ ने उठाई आवाज (Error in exam results)
छात्र संघ का कहना है कि कई छात्रों को परीक्षा में उपस्थित रहने और उत्तरपुस्तिका लिखने के बावजूद ‘अनुपस्थित’ दर्शाया गया है, जो विद्यार्थियों के साथ अन्याय है। इस मामले को गंभीर बताते हुए संघ ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। संघ ने अपनी प्रमुख मांगों में सभी प्रभावित विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क पुनर्मूल्यांकन, समान अंकों की उच्च स्तरीय जांच, संबंधित विषयों का तत्काल पुनर्मूल्यांकन तथा गलत तरीके से अनुपस्थित दिखाए गए छात्रों के परिणाम में संशोधन शामिल किया है। छात्र संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।





