बीजापुर CRPF कैंप हमले में NIA की सप्लिमेंट्री चार्जशीट, 3 गिरफ्तार माओवादी नामजद

जगदलपुर। वर्ष 2024 में बीजापुर जिले के धर्मावरम क्षेत्र में हुए CRPF कैंप पर माओवादी हमले के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने सप्लिमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस हमले में CRPF के करीब एक दर्जन जवान घायल हुए थे।
जानकारी के अनुसार 16 जनवरी 2024 को माओवादियों ने बीजापुर के धर्मावरम, चिंतावागु और पामेड स्थित CRPF कैंपों पर एक साथ समन्वित हमला किया था। इस हमले में करीब 300 माओवादी शामिल थे, जिन्होंने सुरक्षा बलों को निशाना बनाया था।
NIA की सप्लिमेंट्री चार्जशीट में तीन गिरफ्तार माओवादी—अवलम भीमा, मदकम नंदा और मदकम देवा उर्फ रतन—के साथ तीन फरार आरोपियों को भी नामजद किया गया है। सभी के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम, IPC, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बताया गया है कि इससे पहले भी NIA इस मामले में 17 माओवादियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। नई सप्लिमेंट्री चार्जशीट में हमले से जुड़े अहम सबूत और अन्य आरोप अदालत के सामने पेश किए गए हैं।
इस कार्रवाई को सुरक्षा बलों के खिलाफ माओवादी गतिविधियों पर कड़ा शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।





