छत्तीसगढ़ में मौसम का अचानक बदलाव: कई जिलों में बारिश-ओले, 19 जिलों में आंधी-बिजली का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। धमतरी जिले के मगरलोड, नगरी और कुरुद क्षेत्र में ओले गिरे, जबकि रायपुर और सरगुजा सहित कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।

गरियाबंद जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक झुलस गया। जानकारी के अनुसार सीनापाली गांव में युवक पेड़ के नीचे बैठा था, तभी अचानक बिजली गिरने से वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

राजधानी रायपुर में देर रात तेज हवाओं के साथ बारिश होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के बड़े हिस्से में येलो अलर्ट जारी किया है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग सहित कुल 19 जिलों में आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले घंटों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इसके साथ धूल भरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बनी रह सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक फैली द्रोणिका के कारण वातावरण में नमी बढ़ी है। इसी वजह से बादल बन रहे हैं और प्रदेश में मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने 16 से 20 मार्च तक प्रदेश में गरज-चमक, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 21 और 22 मार्च को मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई