छत्तीसगढ़ में पहली बार खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स, तैयारियों की समीक्षा; 25 मार्च से 3 अप्रैल तक होंगी प्रतियोगिताएं

रायपुर। यशवंत कुमार, सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ ने राज्य में पहली बार आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की तैयारियों की समीक्षा की। रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित संचालनालय में आयोजित बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन राष्ट्रीय महत्व के साथ छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा हुआ है, इसलिए सभी तैयारियां दुरुस्त और पुख्ता होनी चाहिए। साथ ही सभी खेल स्थलों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करने के निर्देश दिए गए।

खिलाड़ियों के लिए विशेष व्यवस्था
सचिव ने खेल मैदानों के साथ-साथ खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था, विमानतल और रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त स्टाफ तैनाती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने संस्कृति एवं पर्यटन विभाग छत्तीसगढ़ को निर्देश दिया कि अन्य राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ की संस्कृति, पुरातत्व और पर्यटन स्थलों से परिचित कराने की व्यवस्था भी की जाए।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में तनूजा सलाम (संचालक, खेल एवं युवा कल्याण) और रश्मि ठाकुर (उप संचालक) सहित रायपुर जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अंबिकापुर और जगदलपुर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
25 मार्च से 3 अप्रैल तक होंगे खेल
रायपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक नेशनल ट्राइबल गेम्स की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
इन खेलों में शामिल हैं:
- हॉकी
- फुटबॉल
- तैराकी
- वेटलिफ्टिंग
- तीरंदाजी
- एथलेटिक्स
- कुश्ती
वहीं कबड्डी और मलखंब को डेमो खेल के रूप में शामिल किया गया है।
30 राज्यों के 2500 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
देश में पहली बार हो रहे इस आयोजन में 30 राज्यों के लगभग 2500 खिलाड़ी, प्रशिक्षक और अधिकारी हिस्सा लेंगे। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देगा बल्कि छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति और खेल परंपरा को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा।





