बलौदाबाजार–भाटापारा को 5.99 करोड़ की सौगात, 25 आंगनबाड़ी बनेंगी मॉडल: बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर। बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों से बलौदाबाजार और भाटापारा विधानसभा क्षेत्रों को विकास की एक और बड़ी सौगात मिली है। सांसद की अनुशंसा पर जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल 5.99 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न जनहितैषी विकास कार्यों के लिए स्वीकृत की गई है।
इस राशि से बलौदाबाजार और भाटापारा क्षेत्र के 25 आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल आंगनबाड़ी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही पाटन में जल संचयन के लिए अमृत सरोवर मॉडल पर तालाब पुनरुद्धार का कार्य भी कराया जाएगा।
आधारभूत सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
स्वीकृत राशि से विभिन्न वार्डों और गांवों में सीसी रोड निर्माण, सामुदायिक भवन, आहता निर्माण, पेवर ब्लॉक, स्ट्रीट लाइट और स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। इन विकास कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र के हर गांव और हर वार्ड तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने के लिए वे लगातार प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रेरित होकर रायपुर लोकसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उनका लक्ष्य शहर से लेकर गांव तक विकास के नए आयाम स्थापित करना और आम नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
प्रमुख स्वीकृत कार्य
- 25 आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल बनाने के लिए 62 लाख रुपये
- पाटन में तालाब पुनरुद्धार के लिए 18.13 लाख रुपये
- बलौदाबाजार में एलईडी स्ट्रीट लाइट स्थापना
- विभिन्न गांवों में सीसी रोड निर्माण
- कई स्थानों पर सामुदायिक भवन निर्माण
- स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष और प्रार्थना शेड निर्माण
- पेवर ब्लॉक, आहता और बाजार चौक का कंक्रीटीकरण
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सक्रिय नेतृत्व के कारण क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी इस तरह की योजनाओं से बलौदाबाजार और भाटापारा क्षेत्र विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।





