एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी पर सख्ती: सूरजपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में छापेमारी, कई सिलेंडर जब्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सूरजपुर, बिलासपुर और जांजगीर‑चांपा जिलों में लगातार छापेमारी की जा रही है। अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने कई गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।
सूरजपुर में गोदाम से 35 सिलेंडर जब्त
सूरजपुर जिले के भटगांव तहसील अंतर्गत करकोली गांव में खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने महेश गुप्ता के गोदाम में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान यहां से 35 एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 23 भरे हुए और 12 खाली सिलेंडर शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से अब तक कुल 93 सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।
बिलासपुर में कालाबाजारी का वीडियो वायरल
बिलासपुर में गैस की कालाबाजारी का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक भारतीय नगर क्षेत्र में ‘गरिमा किचन केयर’ नाम की दुकान की आड़ में घरेलू गैस सिलेंडर से दूसरे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरी जा रही थी। वायरल वीडियो में खुलेआम सिलेंडर से सिलेंडर में गैस ट्रांसफर करते हुए देखा गया है। मामले के सामने आने के बाद जिला खाद्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है और कार्रवाई की बात कही है।
जांजगीर-चांपा में होटलों से 11 सिलेंडर जब्त
इधर जांजगीर‑चांपा जिले में कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर खाद्य विभाग ने पामगढ़, शिवरीनारायण और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई होटलों और ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया।
कार्रवाई के दौरान शेरगढ़ फैमिली रेस्टोरेंट, एल.के. होटल, बाबा कैफे एंड पराठा हाउस, ब्रदर्स कैफे एंड फैमिली रेस्टोरेंट और भैयाजी रेस्टोरेंट से कुल 11 घरेलू गैस सिलेंडर के साथ गैस चूल्हा, रेगुलेटर और पाइप जब्त किए गए।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग प्रतिबंधित है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

गैस की कोई कमी नहीं – मुख्यमंत्री
इस बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि राज्य में गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि गैस संकट को लेकर दुष्प्रचार किया जा रहा है, जबकि पेट्रोलियम पदार्थों का आयात लगातार जारी है और आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।





