एलपीजी गैस ऑफिस में घुसकर डिलीवरी बॉय से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एलपीजी गैस ऑफिस में घुसकर एक युवक ने डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार घटना चक्रधरनगर थाना क्षेत्र की है। पीड़ित राजा अग्रवाल प्रियदर्शनी एचपी गैस ऑफिस में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है। बताया जा रहा है कि 11 मार्च की सुबह करीब 10:30 बजे वह गैस की होम डिलीवरी के लिए ऑटो से जा रहा था। इसी दौरान सुभाष चौक के पास एक बाइक सवार युवक से साइड देने को लेकर उसकी मामूली कहासुनी हो गई।
कहासुनी के बाद राजा अग्रवाल अपने काम के लिए गैस ऑफिस पहुंच गया, लेकिन बाइक सवार युवक उसका पीछा करते हुए ऑफिस तक पहुंच गया। वहां वह गुस्से में अंदर घुसा और डिलीवरी बॉय को देखते ही गाली-गलौज करते हुए उसे थप्पड़ मार दिया।
डिलीवरी बॉय के विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी दोबारा ऑफिस में घुस गया और फिर से डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करने लगा।
घटना के दौरान आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि उसके खिलाफ शिकायत कर दी जाए, उसका नाम रिहान खान है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच कर आरोपी रिहान खान को छोटे अतरमुड़ा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने गैस ऑफिस के अंदर मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गैर जमानती धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।





