दुर्ग में शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती, 70 दिनों में 626 चालकों पर कार्रवाई

दुर्ग में सड़क हादसों को रोकने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने सख्त अभियान शुरू किया है। पिछले 70 दिनों के दौरान पुलिस ने 626 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है।
यातायात पुलिस के अनुसार जनवरी से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर शाम से देर रात तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन के जरिए वाहन चालकों की जांच की जा रही है। जांच में शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के वाहन भी जब्त किए जा रहे हैं। इसके बाद मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाता है, जहां ऐसे चालकों पर 10 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया जा रहा है।
आंकड़ों के अनुसार जनवरी महीने में 198 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। फरवरी में यह संख्या बढ़कर 288 हो गई, जबकि मार्च में अब तक 140 चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इस तरह पिछले 70 दिनों में कुल 626 चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस विभाग ने बताया है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। विशेष रूप से शहर के आउटर क्षेत्रों में भी लगातार चेकिंग की जाएगी। अलग-अलग स्थानों पर अचानक चेकिंग कर नशे में वाहन चलाने वालों पर नजर रखी जा रही है और पकड़े जाने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





