खामेनेई की मौत पर जश्न मनाने का आरोप, हिंदू संगठन के नेता पर एफआईआर दर्ज

बिलासपुर में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हिंदू संगठन के नेता ठाकुर राम सिंह पर खामेनेई की मौत पर जश्न मनाने और मिठाइयां बांटने का आरोप लगा है। साथ ही सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि राम सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर मुसलमानों के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और उन्हें देशद्रोही बताया। वीडियो में उन्होंने खामेनेई की मौत पर मातम मनाने वालों के खिलाफ भी टिप्पणी की। यह वीडियो सामने आने के बाद मुस्लिम समाज में नाराजगी फैल गई।
मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इससे शहर की शांति व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि शहर हमेशा से भाईचारे और सौहार्द के लिए जाना जाता रहा है। ऐसे में किसी भी समुदाय के खिलाफ भड़काऊ बयान देना सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





