सरगुजा में 30 बच्चों में हृदय रोग की पुष्टि, निशुल्क सर्जरी के लिए रायपुर रेफर

सरगुजा जिले में आयोजित जिला स्तरीय विशेष हृदय रोग जांच शिविर में 57 बच्चों की कार्डियक स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 30 बच्चों में हृदय संबंधी समस्या पाई गई। इन बच्चों का निशुल्क ऑपरेशन रायपुर स्थित अस्पताल में किया जाएगा।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के तहत मेडिकल कॉलेज की एमसीएच बिल्डिंग में यह शिविर आयोजित किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों की विस्तृत जांच की। शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञों और तकनीकी स्टाफ ने ईको जांच के माध्यम से बच्चों की स्थिति का आकलन किया।
शिविर में 1 से 14 वर्ष आयु वर्ग के कुल 172 बच्चों का पंजीयन किया गया था। इनमें से 57 बच्चों की हृदय ईको जांच की गई। जांच के दौरान 30 बच्चों में हृदय रोग के लक्षणों की पुष्टि हुई। चिन्हित सभी बच्चों का निशुल्क सर्जरी उपचार रायपुर में कराया जाएगा।
बाकी पंजीकृत बच्चों की जांच अगले शिविर में की जाएगी। शिविर के दौरान जिले के विभिन्न विकासखंडों से चिरायु दल अपने-अपने हितग्राहियों के साथ उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे विशेष स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से बच्चों में गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर उन्हें मुफ्त उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। समय पर जांच और उपचार से बच्चों को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य मिल सकेगा।





