NSUI memorandum: 9वीं-11वीं की परीक्षा तिथि में बदलाव का विरोध, एनएसयूआई ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
27 फरवरी से परीक्षा कराने के फैसले पर पुनर्विचार की मांग

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI memorandum) छत्तीसगढ़ इकाई ने कक्षा 9वीं एवं 11वीं की वार्षिक परीक्षा की समय सारणी में अचानक किए गए बदलाव का विरोध करते हुए कलेक्टर बिलासपुर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया है कि पहले जारी समय सारणी के अनुसार परीक्षाएं 25 मार्च से प्रारंभ होना निर्धारित था, लेकिन अचानक नया टाइम टेबल जारी कर 27 फरवरी से परीक्षा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। एनएसयूआई पदाधिकारियों का कहना है कि परीक्षा तिथि से महज चार दिन पहले बदलाव करना छात्रों के साथ अन्याय है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी, (NSUI memorandum)
अधिकांश छात्र अभी पुनरावृत्ति (रिवीजन) की तैयारी में जुटे हैं और अचानक परीक्षा शुरू होने से उनके परिणाम प्रभावित हो सकते हैं। प्रदेश महासचिव अर्पित केशरवानी (प्रभारी, जिला मुंगेली) और प्रदेश सचिव रंजेश क्षत्रिय सहित अन्य पदाधिकारियों ने मांग की है कि पूर्व में जारी समय सारणी के अनुसार ही परीक्षा आयोजित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो एनएसयूआई उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन, रायपुर को भी प्रेषित की गई है।





