रायपुर में बिस्मिल की महफिल के बाद सड़क में बवाल, गाड़ी टकराने पर युवक भिड़े; डीसीपी के पहुंचने पर हुए फरार

रायपुर।  राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में देर रात अफरा-तफरी मच गई, जब ‘बिस्मिल की महफिल’ कार्यक्रम खत्म होने के बाद घर लौट रहे युवकों के बीच कारों की टक्कर को लेकर विवाद हुआ। मामूली टक्कर कुछ ही मिनटों में हाथापाई और जमकर हंगामा में बदल गई। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के समापन के बाद बड़ी संख्या में युवक अलग-अलग वाहनों से लौट रहे थे। इसी दौरान दो कारों की टक्कर हो गई। शुरुआत में हल्की कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। आसपास मौजूद अन्य युवक भी विवाद में शामिल हो गए और सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। 

सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बढ़ते हंगामे को देखकर अतिरिक्त पुलिस बल और डीसीपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया। 

पुलिस ने सड़क पर उपद्रव कर रहे कई युवकों को हिरासत में लिया, जबकि कुछ युवक मौके से फरार हो गए। हिरासत में लिए गए युवकों को जब थाना लाया गया तो वहां भी उन्होंने हंगामा किया। पुलिस ने सख्ती दिखाकर स्थिति को नियंत्रित किया। 

अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर फरार युवकों की पहचान की जा रही है। संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने साफ किया कि सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button