भिलाई में 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता, 23 फरवरी से मुकाबले,CM होंगे शामिल

दुर्ग। 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी इस बार छत्तीसगढ़ को मिली है। अखिल भारतीय पुलिस कंट्रोल बोर्ड और छत्तीसगढ़ पुलिस के तत्वावधान में यह प्रतियोगिता 23 से 27 फरवरी तक भिलाई में आयोजित होगी।
प्रतियोगिता का आयोजन खेल परिसर, प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई में किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय सुरक्षा बलों सहित आईबी, रॉ और सीबीआई जैसी एजेंसियों की कुल 29 टीमें भाग ले रही हैं। लगभग 450 टीम मैनेजर, कोच और खिलाड़ी इस आयोजन में शामिल होंगे।

180 पदकों के लिए मुकाबला
इस प्रतियोगिता में इंडियन राउंड, रिकर्व और कंपाउंड वर्ग के मुकाबले होंगे। तीनों इवेंट मिलाकर कुल 180 पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा होगी। छत्तीसगढ़ पुलिस के 12 खिलाड़ी भी इसमें हिस्सा लेंगे।
राजस्थान, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, आईटीबीपी और एसएसबी सहित विभिन्न राज्यों और बलों के खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। प्रतिभागियों के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था प्रथम वाहिनी परिसर में की गई है।

उद्घाटन और समापन समारोह
23 फरवरी को गृह मंत्री विजय शर्मा प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे, जबकि 27 फरवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समापन समारोह में शामिल होंगे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए पुलिस मुख्यालय नया रायपुर द्वारा विभिन्न समितियों का गठन किया गया है और तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है।





