‘आत्मविश्वास का बजट’ 2047 के विकसित भारत की नींव – लोकसभा में बोले सांसद बृजमोहन अग्रवाल

नई दिल्ली/रायपुर। रायपुर सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पर सामान्य चर्चा में हिस्सा लेते हुए इसे ‘आत्मविश्वास का बजट’ बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के सशक्तिकरण को समर्पित है।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और अब यह बजट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम है। उनके शब्दों में, “अब भारत रुकेगा नहीं, झुकेगा नहीं और थमेगा नहीं।”

छत्तीसगढ़ को मिलेगा विशेष लाभ

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि ‘भारत विस्तार एआई मिशन’ के तहत छत्तीसगढ़ के किसानों को अब छत्तीसगढ़ी भाषा में आधुनिक खेती की तकनीक सिखाई जाएगी। उन्होंने धान के समर्थन मूल्य का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में 1310 रुपये के मुकाबले आज केंद्र सरकार 2369 रुपये दे रही है, जबकि छत्तीसगढ़ में ‘मोदी की गारंटी’ के तहत 3100 रुपये में खरीदी की जा रही है।

इंफ्रास्ट्रक्चर में तेज रफ्तार विकास

सांसद ने बताया कि जहां कांग्रेस शासन में 12 किमी प्रतिदिन सड़क निर्माण होता था, वहीं अब 33 किमी प्रतिदिन सड़कें बन रही हैं। रेलवे ट्रैक बिछाने की गति भी बढ़ी है। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तहत दानकुनी से सूरत तक बनने वाला कॉरिडोर छत्तीसगढ़ से गुजरेगा, जिससे राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। भुवनेश्वर-विशाखापट्टनम कॉरिडोर का लाभ भी राज्य को मिलेगा।

शिक्षा और उद्योग में बड़ा निवेश

बजट में रेयर अर्थ और सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 40,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सांसद के अनुसार इससे छत्तीसगढ़ में मिले लिथियम भंडार के विकास को गति मिलेगी और भारत बैटरी निर्माण में आत्मनिर्भर बनेगा।

शिक्षा क्षेत्र के लिए 42,100 करोड़ रुपये के प्रावधान और 15,000 नए स्कूल तथा 5,000 कॉलेज खोलने की योजना की उन्होंने सराहना की।

युवाओं और महिलाओं के लिए राहत

उच्च शिक्षा और चिकित्सा ऋण पर ब्याज दर 5% से घटाकर 2% करने का प्रावधान युवाओं के लिए बड़ी राहत बताया गया। साथ ही, प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल निर्माण से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलने की बात कही गई।

अर्थव्यवस्था पर जोर

सांसद अग्रवाल ने कहा कि देश का बजट आकार 53.47 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। राजकोषीय घाटा 8.9% से घटाकर 4.4% किया गया है। उन्होंने दावा किया कि भारत अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

राहुल गांधी पर तीखा हमला

बजट चर्चा के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी राजनीति “अतीत की पीली पड़ चुकी डायरी” जैसी हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शासन विफलताओं का इतिहास रहा, जबकि वर्तमान बजट देश के उज्ज्वल भविष्य का निवेश है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए सत्ता “परिवार की धरोहर” रही, जबकि भाजपा के लिए यह “जनता की सेवा” का माध्यम है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विश्वास जताया कि यह बजट 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में मील का पत्थर साबित होगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button