अमित शाह–सीएम साय बस्तर पंडुम 2026 समापन में शामिल, नक्सल विरोधी अंतिम रणनीति पर मंथन

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बस्तर पंडुम 2026 के समापन समारोह में शामिल हुए। अमित शाह शनिवार शाम रायपुर पहुंचे थे और रात्रि विश्राम के बाद रविवार को उच्चस्तरीय बैठक ली। बैठक के बाद वे रायपुर में ही रुके और आज सुबह जगदलपुर पहुंचे।
अमित शाह का यह दौरा बस्तर को सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टि से नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। रायपुर में हुई बैठक में नक्सलवाद के खिलाफ अंतिम रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसमें बस्तर डिवीजन पर विशेष फोकस रखा गया।
शाह के दौरे को देखते हुए जगदलपुर में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर पंडुम उद्घाटन के दौरान लागू सुरक्षा मानकों को लगभग यथावत रखा गया है, ताकि व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव न पड़े। प्रशासन ने प्रमुख मार्गों, कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी, पुलिस पेट्रोलिंग और ट्रैफिक रूट डायवर्जन लागू किया है।





