बलौदाबाजार में असहाय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म, मकान मालिक समेत दो आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बीमारी के कारण लंबे समय से बिस्तर पर पड़ी 64 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मकान मालिक और उसके साथी ने दुष्कर्म किया। पीड़िता चलने-फिरने में असमर्थ थी और अकेले किराए के मकान में रहती थी।
जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी की दोपहर दोनों आरोपी महिला के कमरे में पहुंचे और उसके साथ जबरदस्ती करने लगे। इसी दौरान पड़ोस की एक महिला हालचाल जानने पहुंची, तो उसने आरोपियों को आपत्तिजनक हालत में देखा। पड़ोसी को देखते ही दोनों आरोपी घबरा गए और उसे धमकाने लगे।
घटना के बाद आरोपियों ने कमरे को अंदर से बंद कर लिया। पड़ोसी महिला ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया।
आरोपियों में मकान मालिक मोहन दास पंजवानी और उसका साथी श्याम यादव शामिल हैं। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि मकान मालिक ने ही अपने साथी को बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों ने पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पीड़िता पहले आसपास के घरों में काम कर अपना जीवनयापन करती थी, लेकिन बीमारी के कारण वह पूरी तरह असहाय हो गई थी। स्थानीय लोग उसकी मदद कर खाना, दवा और पानी की व्यवस्था करते थे।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पीड़िता की असहाय स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश की। मामले की जांच जारी है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की प्रक्रिया की जा रही है।





