रायपुर: पावर ट्रांसमिशन कंपनी में 9 अधिकारी-कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त, प्रबंधन ने दी विदाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के मुख्यालय में आज एक विदाई समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें अधीक्षण अभियंता समेत 9 अधिकारी-कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने इस मौके पर राज्य के पारेषण नेटवर्क के विकास पर बात करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने के समय केवल 27 उच्चदाब उपकेन्द्र थे, जो अब बढ़कर 135 हो गए हैं। वहीं पारेषण लाइनों की लंबाई भी 4 हजार से बढ़कर 14 हजार सर्किट किलोमीटर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी कर्मचारियों की मेहनत और निष्ठा का परिणाम है।
शुक्ला ने यह भी कहा कि वरिष्ठ कर्मचारियों का अनुभव संस्था के लिए बहुत मूल्यवान होता है, और जो अधिकारी आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं, उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों में अधीक्षण अभियंता प्रमोद कुमार कोमजवार (रायपुर), सहायक प्रबंधक भरत सिंह ध्रुवे (रायपुर), अनुभाग अधिकारी निर्मला ध्रुव (बिलासपुर), कनिष्ठ पर्यवेक्षक राम भरोसे मन्नेवार (रायगढ़), गनपत राम धुरंधर (रायपुर), विनोद कुमार भंगाले (खेदामारा), किशोर महतो (कोरबा), संपत लाल अहिरवार (कोरबा, स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति), और कांता बाई राजवाड़े (कोरबा) शामिल रहे।
सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और कंपनी के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक एम.एस. चौहान, संजय पटेल, वी.के. दीक्षित, ज्योति ननौरे, मुख्य अभियंता के.बी. पात्रे और ए.एम. परियल भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन कार्यपालन अभियंता राजेश सिंह ने किया।





