30 लाख की जमीन धोखाधड़ी, युवक से रजिस्ट्री के नाम पर ठगी

रायपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में जमीन के सौदे के नाम पर 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। भाटापारा निवासी विनय माखीजा ने आरोपी अनिल गुलहरे पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।

जानकारी के अनुसार, विनय माखीजा और अनिल गुलहरे की जान-पहचान पहले से थी। इसी के चलते अनिल ने विनय को मौजा सकरी में खसरा नंबर 742, रकबा 4796 वर्गफुट की ज़मीन बेचने का सौदा किया। यह ज़मीन अनिल गुलहरे और अंजू जायसवाल के संयुक्त नाम पर थी, और अनिल के पास मुख्तियारनामा भी था।

27 नवंबर 2024 को नोटरी के माध्यम से सौदा तय किया गया। विनय ने 1.38 लाख रुपये ऑनलाइन और 20 हजार रुपये नकद अग्रिम राशि के तौर पर दिए। दोनों पक्षों ने 3 महीने के भीतर ज़मीन की रजिस्ट्री कराने का वादा किया था।

24 फरवरी 2025 को विनय ने रजिस्ट्री के लिए 2.10 लाख रुपये का स्टांप खरीदा और तीन चेकों के माध्यम से अनिल को कुल 27.70 लाख रुपये दे दिए। लेकिन जब रजिस्ट्री कराने का समय आया, तो अनिल बहाने से रजिस्ट्री ऑफिस ले जाने के बाद मौके से फरार हो गया।

कुछ दिन बाद विनय को पता चला कि जिस ज़मीन का सौदा उसने किया था, वही ज़मीन अनिल ने 28 फरवरी को वरुण सामनानी नामक व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री कर दी है। इस धोखाधड़ी से विनय को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।

पुलिस ने विनय की शिकायत पर आरोपी अनिल गुलहरे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर पूछताछ की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button