भिलाई स्टील प्लांट हादसा: मशीन गिरने से मजदूर की मौत, डेढ़ महीने बाद प्रबंधन पर FIR, तीन माह में पांचवां मामला

दुर्ग-भिलाई: भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-02 क्षेत्र में हुए औद्योगिक हादसे में मजदूर की मौत के मामले में प्रबंधन पर लापरवाही का केस दर्ज किया गया है। घटना 15 नवंबर 2025 की है, जिसमें 42 वर्षीय मजदूर की मशीन गिरने से मौत हो गई थी। करीब डेढ़ महीने बाद भिलाई भट्टी थाना पुलिस ने जांच के बाद बीएसपी प्रबंधन के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।

पुलिस के अनुसार निर्माणाधीन ईसीआर भवन में काम के दौरान विंच मशीन का एक हिस्सा अचानक टूट गया। मशीन के साथ नीचे गिरने से मजदूर को सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल संयंत्र के मेन मेडिकल पोस्ट-1 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान शंकर पारा, भिलाई निवासी देवेंद्र चंद्राकर (42 वर्ष) के रूप में हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि कार्यस्थल पर आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था और प्रबंधन की ओर से गंभीर लापरवाही बरती गई।

जांच के आधार पर भिलाई भट्टी थाना में बीएसपी प्रबंधन के खिलाफ धारा 106(1) और 289 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। घटना की जानकारी एसडीएम भिलाई नगर को भी भेजी गई है। मृतक के परिजनों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।

इस मामले को मिलाकर पिछले तीन महीनों में बीएसपी प्रबंधन पर दर्ज यह पांचवीं एफआईआर है। इससे पहले नवंबर और दिसंबर 2025 में अलग-अलग हादसों को लेकर चार एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। औद्योगिक सुरक्षा को लेकर लगातार सामने आ रहे मामलों ने संयंत्र प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button