अजेय रही बिलासपुर बुल्स, रायगढ़ लायंस को हराकर जीता CCPL-3 का खिताब

छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 का खिताब बिलासपुर बुल्स ने अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में टीम ने रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। खास बात यह रही कि बिलासपुर बुल्स ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया और अजेय रहते हुए चैंपियन बनी।
रायगढ़ लायंस ने बनाए 160 रन
फाइनल मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रायगढ़ लायंस ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 160 रन बनाए।
टीम की ओर से नयन चव्हाण ने सबसे ज्यादा 41 रन की पारी खेली। इसके अलावा संगीत सोनी ने 32, आलोक साहू ने 25 और दीपक यादव ने 22 रन का योगदान दिया। बिलासपुर बुल्स की ओर से भारत गोंडवानी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि वरुण सिंह भुई और मोहित राउत ने 2-2 विकेट हासिल किए।
16.3 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। टीम ने सिर्फ 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 164 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
बिलासपुर की ओर से विकल्प तिवारी और पवन परनाते ने 29-29 रन बनाए, जबकि आयुष पांडे ने 33 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। रायगढ़ लायंस के लिए प्रवीण कुमार यादव और शुभम अग्रवाल को एक-एक विकेट मिला, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके।
भारत गोंडवानी बने प्लेयर ऑफ द मैच
फाइनल मुकाबले में तीन महत्वपूर्ण विकेट लेने वाले भारत गोंडवानी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनके शानदार प्रदर्शन ने बिलासपुर बुल्स की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस जीत के साथ बिलासपुर बुल्स ने CCPL के तीसरे सीजन की ट्रॉफी अपने नाम कर ली और पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन के साथ अपने अभियान का शानदार समापन किया।





