बस्तर के रास्ते दस्तक देगा मानसून, प्रदेश में पांच दिन तक आंधी-बारिश का अलर्ट

 

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज अंधड़, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। साथ ही दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में अगले चार से पांच दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश की संभावना भी व्यक्त की गई है।

50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी आशंका है। बीते 24 घंटों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

मुंगेली में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज

पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सबसे अधिक 50 मिमी बारिश मुंगेली में रिकॉर्ड की गई, जबकि कवर्धा में 10 मिमी बारिश हुई। बारिश के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, मध्य छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग संभाग में तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़ा है।

रायपुर में धूलभरी आंधी और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में सुबह से बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार शहर में गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। रायपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम में बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button