बीएसयूपी कॉलोनी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 300 से ज्यादा घरों की तलाशी; संदिग्धों और किरायेदारों का सत्यापन

रायपुर पुलिस ने बीएसयूपी कॉलोनी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाते हुए 300 से अधिक मकानों की जांच की। इस दौरान गुंडा-बदमाशों, निगरानीशुदा अपराधियों, किरायेदारों और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। अभियान में करीब 100 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।

सुबह से चला सघन तलाशी अभियान

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के निर्देश पर सरस्वती नगर, आमानाका और न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में फैली बीएसयूपी कॉलोनी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सुबह 8 बजे शुरू हुए इस अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्तों ने की।

पुलिस टीमों ने कॉलोनी के अलग-अलग ब्लॉकों, मकानों और सार्वजनिक स्थानों की सघन जांच की। घर-घर पहुंचकर रहवासियों से जानकारी ली गई और क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखी गई।

गुंडे, निगरानी बदमाश और किरायेदार रडार पर

अभियान के दौरान क्षेत्र में रहने वाले गुंडा-बदमाशों, निगरानीशुदा अपराधियों और आदतन अपराधियों का सत्यापन किया गया। साथ ही बाहर से आकर किराये या अस्थायी रूप से रह रहे लोगों के दस्तावेजों की भी जांच की गई।

पुलिस अधिकारियों ने आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या किसी भी अपराध में शामिल पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लोगों से सहयोग की अपील, आगे भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस ने कॉलोनी के लोगों से अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। साथ ही किरायेदारों और घरेलू सहायकों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, इस तरह के आकस्मिक अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना, क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना तथा आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है। आने वाले दिनों में शहर के अन्य इलाकों में भी इसी तरह के सर्च और सत्यापन अभियान चलाए जाएंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button