उधारी के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद में NSUI नेताओं ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

मृतक की पहचान ऋषि निर्मलकर (19) के रूप में हुई है। वह अपने पिता के साथ कपड़े प्रेस करने की दुकान में काम करता था। जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी मेजर सागर ने ऋषि को कुछ पैसे उधार दिए थे, जिन्हें वह वापस मांग रहा था। पैसे नहीं लौटाने और फोन नहीं उठाने से नाराज होकर आरोपियों ने युवक को निशाना बनाया।

20 जनवरी को ऋषि अपने दोस्त के साथ बाइक से घूम रहा था। इसी दौरान स्टेशन रोड पर कार सवार आरोपियों ने उसे जबरन रोका और कार में बैठाकर दुर्ग के एक होटल में ले गए। होटल के एक कमरे में सभी आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से जमकर पीटा और अधमरी हालत में बाहर छोड़ दिया।

इसके बाद ऋषि किसी तरह घर पहुंचा, लेकिन उसने परिजनों को घटना के बारे में कुछ नहीं बताया। दो दिन बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। पहले स्थानीय डॉक्टर को दिखाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर भिलाई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चोटों के कारण मौत की पुष्टि हुई है।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, इसके बाद फरार मुख्य आरोपी समेत तीन अन्य को भी पकड़ लिया गया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी दुर्ग जिले के ही निवासी हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button