बिना सुनवाई निकाले गए सफाईकर्मी ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

बिलासपुर जिले से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। तखतपुर विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल सिलतारा में कार्यरत एक सफाईकर्मी को बिना कोई नोटिस और बिना उसकी बात सुने नौकरी से निकाल दिया गया। पीड़ित कर्मी ने इस मामले में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित सफाईकर्मी डोमन राम साहू का कहना है कि वह पिछले कई वर्षों से स्कूल में बेहद कम मानदेय पर ईमानदारी से काम करता आ रहा था। उसे हर महीने मात्र 3000 रुपये मानदेय मिलता था, जिससे वह अपने परिवार का किसी तरह पालन-पोषण कर रहा था। आरोप है कि स्कूल के वर्तमान प्राचार्य द्वारा उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और अंततः बिना किसी कारण बताए नौकरी से हटा दिया गया।

डोमन राम साहू का कहना है कि न तो उसे कोई नोटिस दिया गया और न ही उसकी कोई सुनवाई हुई। अचानक नौकरी जाने से उसका परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गया है और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

पीड़ित कर्मी ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उसे न्याय दिलाया जाए। यह मामला न सिर्फ नियमों की अनदेखी का सवाल खड़ा करता है, बल्कि गरीब कर्मचारियों के साथ हो रहे व्यवहार पर भी गंभीर चिंता पैदा करता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button