विधवा से मृत पति के खाते की रकम निकालने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप, बैंक मैनेजर का वीडियो वायरल

बलौदाबाजार जिले के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की निपनिया शाखा की महिला मैनेजर पर एक विधवा से रिश्वत लेने का आरोप लगा है। मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। पीड़ित महिला ने कलेक्टर से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
मृत पति के खाते से पैसे निकालने के लिए मांगी रिश्वत
निपनिया गांव की रहने वाली खेलन बाई सतनामी ने आरोप लगाया है कि उनके पति रूपदास सतनामी का करीब एक साल पहले निधन हो गया था। उनके पति के बैंक खाते में करीब 1 लाख 10 हजार रुपए जमा थे। खाते से राशि निकालने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए बैंक की शाखा प्रबंधक अनीता पांडेय ने उनसे 10 हजार रुपए की मांग की।
महिला का कहना है कि बाद में राशि घटाकर 5 हजार रुपए कर दी गई, जिसके बाद मजबूरी में उन्हें पैसे देने पड़े। इस दौरान मौजूद एक ग्रामीण ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वायरल वीडियो में पैसे लेते दिखीं मैनेजर
वायरल वीडियो में महिला मैनेजर शिकायतकर्ता और उसके बेटे से बातचीत करती नजर आ रही हैं। वीडियो में वह दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाने के बाद महिला के बेटे से पैसे निकालने की बात कहती हैं और पूछती हैं कि कितने रुपए लाए हैं। जवाब में 5 हजार रुपए बताने पर वह पैसे स्वीकार करती दिखाई देती हैं।
वीडियो में मैनेजर यह कहते हुए भी सुनाई देती हैं कि भविष्य में किसी भी परेशानी पर उनके पास आने के लिए कहा जाए।
शिकायत के बाद जांच के आदेश
खेलन बाई ने जनदर्शन में कलेक्टर से शिकायत कर मामले की जांच, संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ उन्होंने वीडियो भी प्रशासन को सौंपा है।
भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी बैंक मैनेजर की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अधिकारी के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं और क्षेत्र के किसान भी उनके कामकाज से परेशान हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि बैंक से जुड़े कार्यों के लिए लोगों से रिश्वत मांगे जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संबंधित विभाग के नोडल अधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





